अल्लाह का चुना हुआ ख़ादिम
15जब ईसा ने यह जान लिया तो वह वहाँ से चला गया। बहुत-से लोग उसके पीछे चल रहे थे। उसने उनके तमाम मरीज़ों को शफ़ा देकर 16उन्हें ताकीद की, “किसी को मेरे बारे में न बताओ।” 17यों यसायाह नबी की यह पेशगोई पूरी हुई,
18‘देखो, मेरा ख़ादिम जिसे मैंने चुन लिया है,
मेरा प्यारा जो मुझे पसंद है।
मैं अपने रूह को उस पर डालूँगा,
और वह अक़वाम में इनसाफ़ का एलान करेगा।
19वह न तो झगड़ेगा, न चिल्लाएगा।
गलियों में उस की आवाज़ सुनाई नहीं देगी।
20न वह कुचले हुए सरकंडे को तोड़ेगा,
न बुझती हुई बत्ती को बुझाएगा
जब तक वह इनसाफ़ को ग़लबा न बख़्शे।
21उसी के नाम से क़ौमें उम्मीद रखेंगी।’


